
गोहर (मंडी)। सलाहर गांव में 13 लाख का सोना, नकदी और लैपटॉप चोरी मामले में संदेह के आधार पर गोहर पुलिस ने एक नेपाली को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने नेपाली को हिरासत में लेेने की पुष्टि की है।
मकान मालिक खेम सिंह ठाकुर ने भी इस नेपाली पर उनके घर में चोरी करने का शक जताया है। जिसके आधार पर पुलिस ने सलाहर गांव में मजदूरी कर रहे नेपाली मित्र देव को हिरासत में लिया है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने बताया कि नेपाली से पुलिस चोरी के बारे में हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पूछताछ कर रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। सलाहर गांव में एक सितंबर को चोरों ने दिनदिहाड़े पूर्व बीडीसी चेयरमैन खेम सिंह ठाकुर के घर से 40 तोले सोना, 18 हजार की नकदी और लैपटॉप पर हाथ साफ किया था। एसएचओ ने दावा किया है कि जल्द पुलिस निष्कर्ष पर पहुंचेगी।
सेवानिवृत्त बीडीओ के निधन पर जताया शोक
गोहर (मंडी)। चैलचौक क्षेत्र के बुराडू गांव के सेवानिवृत्त खंड विकास अधिकारी टेक सिंह के निधन पर नाचन के पूर्व विधायक टेक चंद डोगरा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि टेक सिंह का क्षेत्र के विकास में अहम योगदान रहा है तथा अनेक सामाजिक कार्यों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। डोगरा ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की है।
