कुठेड़ा में यूको बैंक का एटीएम तोड़ा

बिलासपुर। घुमारवीं थाना के अंतर्गत कुठेड़ा में स्थापित यूको बैंक के एटीएम में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई। एटीएम तोड़ दिया गया, लेकिन चोर लॉकर तक पहुंचने में सफल नहीं हो सके। एटीएम में लगभग आठ लाख रुपये का कैश था, जो सुरक्षित बताया जा रहा है। वस्तुस्थिति का पता एटीएम को देखने वाली बैंक की अलग टीम आने के बाद ही पता चल सकेगा। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि कुठेड़ा शहर के बीचों बीच स्थापित यूको बैंक के एटीएम में अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। इस दौरान एटीएम में लगाए गए दो सीसीटीवी कैमरों में से चोरों ने एक कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने एटीएम के लॉकर में लगे सीसीटीवी कैमरे तो तोड़ने का प्रयास किया। उसमें सफलता नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि चोरों ने एटीएम मशीन पूरी तरह से तोड़ दी है। उधर, इस घटना की सूचना मिलते ही घुमारवीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कयास लगाए जा रहे हैं कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से चोरों का जल्द ही पता लगाया जाएगा। कुठेड़ा युकों बैंक के मैनेजर मदनलाल ने कहा कि एटीएम में करीब आठ लाख रुपये राशि डाली थी। पूरी राशि सुरक्षित है या फिर चोरी हो गई है। इसका पता टीम आने के बाद ही लग पाएगा। डीएसपी घुमारवीं अंजनी जसवाल ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से चोरों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोर सलाखों के पीछे होंगे।

Related posts