राजनीति का चेहरा दिखा गए बाल कलाकार

कुल्लू। कलाकेंद्र में चल रहा दो दिवसीय बाल नाट्योत्सव नाटकों के शानदार मंचन के साथ संपन्न हो गया। उत्सव में जिले के आठ स्कूलों के नौनिहालों ने शिरकत की। मंगलवार शाम उत्सव में चार नाटकों का मंचन किया गया। एक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित नाटक उत्सव का समापन राजकीय प्राथमिक स्कूल गांधीनगर के नौनिहालों द्वारा पेश झूठ का फल नाटक से हुआ। नाटक का निर्देशन दीनदयाल ने किया था। इसके बाद प्रस्तुत राजनीति नाटक को राजकीय प्राथमिक पाठशाला सुल्तानपुर की छात्राओं ने प्रस्तुत किया।
नाटक में उत्तराखंड में मची तबाही पर किस कदर राजनीति हुई को दर्शाया गया। नाटक में सुनील, पल्लवी, उदय, ममता, अकांक्षा, किरण, ज्योति, दावा, योगिता, रीना और दीया ने अहम भूमिका अदा की। इसके बाद सुरेंद्र द्वारा निर्देशित राजकीय प्राथमिक स्कूल अखाड़ा बाजार के बच्चों के अभिनय पर आज की नारी नाटक का मंचन किया गया। इसे भी दर्शकों ने खूब सराहा। दूसरे दिन संस्था के निदेशक केहर सिंह ठाकुर द्वारा निर्देशित भारत भारती स्कूल ढालपुर के विद्यार्थियों ने चिड़िया के बहाने नाटक को पेश किया। नाटक में स्नेहा, मीनाक्षी, सुनिधि, सुप्रीति, साहिल, सुरेंद्र, आकाश, अभिषेक, अखिलेश और विनय ने विभिन्न भूमिकाएं अदा कीं।

Related posts