महिला को चारपाई से बांध की चोरी

बंगाणा (उना)। उपमंडल बंगाणा के गांव चंबोआ में चोरों ने घर में घुसकर हजारों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान महिला घर के कमरे में सो रही थी। चोरों ने कमरे में घुसकर महिला के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंस डाला और उसको चारपाई से बांध दिया। इसके बाद शातिरों ने घर के भीतर चोरी की। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस डाग स्कवायड की मदद ले रही है। पांच दिन पहले भी चंबोआ में चोरी की वारदात हुई थी। मौके पर पहुंचे एएसपी रविंद्र ठाकु र ने चोरों द्वारा दिन दहाड़े की गई वारदात की गहनता से छानबीन की। एएसपी ने बताया कि सपना शर्मा पत्नी शिवदयाल शर्मा निवासी चंबोआ ने पुलिस को बताया कि दोपहर को वह घर में तबीयत खराब होने की वजह से अकेली सो रही थी। अचानक दो अनजान लोग उनके कमरे में घुस आए। उन्होंने महिला के मुंह में उसी का दुपट्टा ठूंस डाला और एक अन्य दुपट्टे के साथ उसे चारपाई से बांध दिया। इसके बाद चोर घर में रखे हुए कीमती गहने लेकर वहां से निकल गए। खेत से वापस आने के बाद उसकी सास ने देखा कि घर के अंदर उसकी बहू के साथ ऐसी घटना हुई है तो उसने पड़ोसियों की मदद से उसको चारपाई से खोला। इस घटना के बाद सपना, उसके परिजन और ग्रामीण दहशत में हैं। सपना के परिजनों के मुताबिक चोर कु छ ही गहने ले जाने में कामयाब हुए हैं, क्योंकि पांच दिन पहले पड़ोस में हुई चोरी के बाद उन्होंने अपने गहने अलग-अलग जगहों पर रखे हुए थे। चोर मात्र एक गठरी लेकर ही गए। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि इस वारदात में चोर सोने की तीन अंगुठियां, दो सोने की बालियां, सोने के टाप्स की एक जोड़ी, चांदी की तीन पायल, बच्चों के चांदी के दो कंगन तथा 1500 रुपये नकद ले गए। एएसपी वीरेंद्र ठाकु र ने बताया कि चोरीशुदा सामान की बरामदगी और चोरों की तलाश को लेकर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Related posts