फर्जीवाड़ा करके बेची करोड़ों की जमीन

अंब (ऊना)। लड़ौली क्षेत्र में कुछ लोगों ने फर्जीवाड़ा करके करीब 26 कनाल भूमि का सौदा कर डाला। यह भूमि करोड़ों रुपये की बताई जा रही है। कुल 40 कनाल के प्लाट में करीब 26 कनाल हिस्सा शिकायत कर्ता का है। अन्य हिस्सेदारों ने पूरे प्लाट का ही सौदा करके करोड़ों रुपये डकार लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इस फर्जीवाड़े में लंबरदार भी फंस गया है। लंबरदार की मौजूदगी में ही भूमि की रजिस्ट्री हुई। उस पर आरोप है कि भू अधिकारियाें के समक्ष उसने ही फर्जीवाड़ा करके भूमि का सौदा करने वालों की पहचान की थी। लंबरदार चाहता तो उसी समय भू अधिकारी को सच्चाई से अवगत करवा सकता था। पुलिस के अनुसार गुरचरण सिंह पुत्र गुरवचन सिंह निवासी गरली (कांगड़ा) ने न्यायालय में अरजी दायर करके आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। न्यायालय के आदेशों पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायकर्ता गुरचरण सेना में कार्यरत है। अपनी शिकायत में गुरचरण ने कहा कि लड़ौली में उनकी 01-01-86 हेक्टेयर जमीन है, जिसे शाम कुमार के साथ अन्य छह लोगों ने फर्जीवाड़ा करके किसी को बेच डाला और रुपये भी डकार लिए। गुरचरण को इसका पता तब चला, जब वह जमीन की देखभाल करने के लिए खेतों में गया। जमीन बेचे जाने की सूचना मिलते ही पहले तो उन्होंने अपने हिस्सेदाराें से बात करने की कोशिश की, लेकिन बात न बनती देख उन्हाेंने राजस्व विभाग से रजिस्ट्री की नकल निकलवाई। रजिस्ट्री की नकल देखकर पता चला कि उनकी जमीन का किसी और ने ही सौदा कर दिया है। जिस दिन यह रजिस्ट्री हुई, वह उस वक्त यहां मौजूद ही नहीं थे। इसके बाद गुरचरण ने न्यायालय के माध्यम से मामला दर्ज कराया। अंब के थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोर्ट के आदेश पर शाम कुमार, मुलतान सिंह, विपिन कुमार, सुशील कुमार, माया देवी, रतन चंद के साथ उनकी पहचान करने वाले लंबरदार के खिलाफ भादंसं की धारा 417, 419, 423, 465, 468, 471 और 120बी के तहत एफआईआर हुई है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts