
दौलतपुर (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक के समीपवर्ती गांव चलेट में तलवाड़ा-ऊना मुख्य मार्ग पर स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के नजदीक पंजाब के तीन युवकों ने गुंडागर्दी की। शातिरों ने एक जीप चालक को पीटा और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौका ए वारदात पर पहुंची, लेकिन उससे पहले तीनों युवक पंजाब की सीमा में प्रवेश करके फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस के अनुसार रंजन शर्मा पुत्र रमेश चंद मंगलवार दोपहर बाद करीब 3.20 बजे जब दौलतपुर की तरफ अपनी यूटिलिटी गाड़ी में आ रहे थे तो उन्होंने ट्रिपल राइडिंग कर रहे मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर लिया। इस दोपहिए पर पंजाब के तीन लोग सवार थे। पीड़ित रंजन शर्मा ने बताया कि उक्त लोगों ने दिनदहाड़े उनकी यूटिलिटी के आगे मोटरसाइकिल लगा दिया और मारपीट शुरू कर दी। यहां तक कि युवकाें ने उनकी गाड़ी की हेडलाइट्स भी तोड़ दी तथा उनका मोबाइल, गाड़ी की चाबी और दो तोले सोने की चेन गले से खींच कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि अगर राहगीर और स्थानीय लोग उन्हें नहीं बचाते तो शायद उन्हें पंजाब के ये युवक जान से भी मार डालते। रंजन शर्मा की मानें तो घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को वारदात की सूचना दे दी थी। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी युवक पंजाब की सीमा में प्रवेश करने में सफल होकर फरार हो गए। उधर, डीएसपी अंब मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले मवाकोहलां और बधमाणा में भी मोटरसाइकिल सवारों ने लोगों को घायल कर लूटा था।
