अंबिकानगर-अंब गणेशोत्सव का शुभारंभ

ऊना। अंब उपमंडल के अंबिकानगर महादेव मंदिर में भगवान गणेश अपने भक्तों पर कृपा करने के लिए सोमवार को अपने सिद्धासन पर 10 दिन तक विराजमान हो गए हैं। अंबिकानगर गणेश-मंडल की ओर से रेलवे स्टेशन के समीप सोमभद्रा बाजार स्थित अंबिकानगर महादेव मंदिर में गणेश भक्तों ने गणेश की विशालकाय प्रतिमा को स्थापित किया है। सोमवार की पूजा हिमाचल सार्वजनिक गणेशोत्सव के संस्थापक सदस्य राजीव शर्मा द्वारा संपन्न करवाई गई। जिला ऊना में धार्मिक सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रतीक अंबिकानगर गणेशोत्सव एक दशक से लगातार मनाया जा रहा है। बाल गंगाधर तिलक की तर्ज पर मनाए जाने वाले इस उत्सव को लेकर आम जनता में भी काफी उल्लास है तथा अंबिकानगर महादेव मंदिर में भक्तों का भगवान श्रीगणेश प्रतिमा के दर्शनार्थ आवागमन प्रारंभ हो गया है। गणपात्य भक्तों की मान्यता है कि हर मंगल कार्यों के निष्पादन में मंगल-मूर्ति गणेश का अग्रणी स्थान है। उत्सव के संयोजक गिरधारी लाल राणा ने सभी धार्मिक, सामाजिक, व्यवसायिक और शैक्षणिक संस्थाओं से भी श्री गणेशोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। इस मौके पर जगदीश राम, मदन लाल, दिनेश शर्मा, ऋषि कुमार, रविंद्र वर्मा, जीत राम भोला, विजय, सुनील, होशियार सिंह, संदीप शर्मा व गुरदेव सिंह ने प्रदेश सरकार से उत्सव का हर्षोंल्लास बढ़ाने के लिए हिमाचल पुलिस अथवा होमगार्ड का बैंड उपलब्ध करवाने की मांग की है।

Related posts