सप्लाई में भेजा खराब चनों से भरा ट्रक

ऊना। जिला मुख्यालय जलग्रां स्थित सिविल कार्पोरेशन के भंडारण में आई सफेद चने की आपूर्ति खेप खराब पाई गई है। इसके चलते सोमवार को खेप लेकर आए ट्रक को बैरंग लौटा दिया गया है, जबकि भंडारण के प्रभारी ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर आला अधिकारियों को भेज दी है। इससे पहले भी आटा एवं दालों की खराब सप्लाई के मामले सामने हड़कंप मच चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सफेद चने से भरा ट्रक सोमवार को सिविल सप्लाई कार्पोरेशन के भंडारण जलग्रां में पहुंचा, जिसमें लगभग 130 से 150 क्विंटल सफेद चना था। जब भंडारण के प्रभारी ने चनों की जांच की तो चने के क्लालिटी घटिया किस्म की पाई गई, जिसमें कीड़े एवं चने गले सड़े पाए गए। क्वालिटी सही न होने पर गोदाम के इंचार्ज ने सफेद चने की सप्लाई लेने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने आला अधिकारियों को माल घटिया होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर जिला निरीक्षक देवराज मौके पर पहुंचे। उनकी देखरेख में ट्रक में भरे सफेद चने के सैंपल चैक किए गए, जो हेडक्वार्टर द्वारा भेजे गए सील्ड सैंपल से मैच नहीं कर पाए। इसके बाद चने से भरे ट्रक को वापस फर्म को भेज दिया गया।
उधर, सिविल सप्लाई कार्पोारेशन भंडारण के प्रभारी कृष्ण कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सफेइ चने की क्वालिटी सही नहीं थी। इसके चलते चनों से भरा ट्रक वापस भेज दिया है, जबकि मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है।

Related posts