
ऊना। अस्पताल कल्याण शाखा जिला रेडक्रॉस सोसायटी (महिला विंग) की अध्यक्ष डा. आरुषि जैन ने कहा कि शाखा की ओर से प्रत्येक माह की 10 तारीख को जिला अस्पताल में अति निर्धन एवं जरूरतमंद मरीजों को फल एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। वह सोमवार को स्थानीय बचत भवन में कल्याण शाखा को सशक्त बनाने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। डा. आरुषि जैन ने बताया कि जिला अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के सहायतार्थ वस्त्र एवं मेडिसिन बैंक खोला जाएगा। इसमें नवजात बच्चों को सॉफ्ट कपड़े और जरूरतमंदों को दवाइयां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोसायटी की ओर से जिले में बच्चे गोद लेने की योजना शुरू की जाएगी, जिसके लिए जिले में स्थित कंपनियों, धनाढ्य एवं समृद्ध वर्ग को प्रेरित किया जाएगा ताकि वे असहाय व अनाथ बच्चों की पढ़ाई आदि का खर्चा उठा सकें। डा. आरुषि ने बताया कि अनाथ व गरीबों की मदद के लिए अक्तूबर माह के दौरान जिले के दूरदराज क्षेत्र में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें पीजीआई व टैगोर अस्पताल के हृदय रोग सहित सभी बीमारियों के डॉक्टर बुलाए जाएंगे।
ऊना जिले में घटते लिंगानुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ‘बेटी है अनमोल’ कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया जाएगा तथा बेटा-बेटी एक समान विषय पर चर्चा की जाएगी ताकि जिले में लिंगानुपात बराबरी पर लाया जा सके। डा. आरुषि जैन ने कहा कि आगामी दो एवं तीन अक्तूबर को ऊना में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले को आकर्षक बनाने के लिए रेडक्रॉस की अस्पताल कल्याण शाखा द्वारा तीन स्टाल लगाए जाएंगे तथा मनोरंजन के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, बेबी शो, इंटर-स्कूल डांस प्रतियोगिता, डॉग शो, वेजिटेबल शो व रस्सा-कस्सी आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसायटी एसके पराशर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, हिमोत्कर्ष कॉलेज के सदस्य, रोटरी तथा रेडक्रॉस के सदस्य उपस्थित थे।
