ल्हासों ने रोकी दो सड़कों की रफ्तार

हमीरपुर। रविवार सुबह हुई भारी बारिश के चलते हमीरपुर-सुजानपुर वाया चौरी और हमीरपुर-जाहू वाया लंबलू सड़क मार्ग घंटों बाधित रहे। यात्रियों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हमीरपुर-सुजानपुर वाया चौरी सड़क मार्ग पर पुंग खड्ड के पास ल्हासा गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। ल्हासा सुबह करीब 10 बजे गिरा जिसे विभाग ने करीब साढे़ तीन बजे हटाया। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से बसें निर्धारित रूट पर नहीं दौड़ पाईं। यात्रियों को पैदल गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। करीब पांच घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा। हमीरपुर-जाहू सड़क मार्ग पर शनिदेव मंदिर लंबलू के पास ल्हासा गिरने से यातायात करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। यहां तक कि दोपहिया वाहन चालकों को भी सड़क मार्ग के बहाल होने तक का इंतजार करना पड़ा। कुशल कुमार, सुरेश, प्रदीप, नवीन, सुमित, अनिल कुमार, सोनू कुमार, देशराज, सुनील कुमार, सन्नी, सुशील, माया देवी, सावित्री, रोमा देवी, प्रवीन कुमारी आदि का कहना है कि ल्हासे गिरने से पैदल गंतव्य स्थान तक पहुंचना पड़ा।

बारिश के कारण सड़क मार्गों पर ल्हासे गिरे हैं। यातायात अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही सड़क मार्गों को बहाल करवा दिया गया है।
-एनपी सिंह, अधिशासी अभियंता, हमीरपुर

Related posts