
हमीरपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर मंडल कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार टुंडा और भटकल की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बता रही है। इसको सफलता करार नहीं दिया जा सकता। सरकार दाऊद इब्राहिम को हासिल करे तो कूटनीतिक सफलता माना जाएगा। दाऊद को हासिल करने में केंद्र सरकार अभी तक असफल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों के लिए तैयार होने का आह्वान किया, ताकि 2014 में केंद्र में एनडीए की सरकार बन सके। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश में माहौल भाजपा के पक्ष में है।
प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने पार्टी के इतिहास से कार्यकर्ताओं को अवगत करवाया। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रणधीर शर्मा ने चुनाव प्रबंधन की बारीकियों तथा विभिन्न पहलुओं पर कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। हमीरपुर से सांसद एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने मीडिया तथा सोशल मीडिया प्रबंधन के टिप्स कार्यकर्ताओं को दिए। प्रशिक्षण शिविर में बूथ के अध्यक्ष से ऊपर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, महामंत्री विजय पाल सोहारू, मंडल अध्यक्ष बलदेव धीमान, महामंत्री हरीश शर्मा, सुशील सोनी, अशोक शर्मा, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
