
चंबा। पांगी कल्याण संघ की बैठक परिधि गृह में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष पीएल ठाकुर ने की। बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। संघ के सदस्यों ने बताया कि पांगी कल्याण संघ पिछले लगभग 43 वर्षों से चैहणी सुरंग के निर्माण की मांग कर रहा है, लेकिन आज तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया है। इसके चलते घाटी के लोगों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है। अगर यह सुरंग बनती है तो पांगी घाटी जिला मुख्यालय से 12 महीने जुड़ी रहेगी। हालांकि अभी तक सर्दियों में करीब अक्तूबर से मार्च माह तक बर्फ के कारण पांगी घाटी छह माह तक जिला मुख्यालय से कट जाती है। इसके चलते पांगी के लोगों को वाया रोहतांग व केलांग से आना-जाना पड़ता हैैै, जिससे उनको कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। पीएल ठाकुर ने बताया कि चैहणी सुरंग निर्माण के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व वन मंत्री ठाकुर सिंह से जोरदार मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चंबा व चुराह की जनता ने भी इस सुरंग निर्माण का समर्थन किया है। व्यापार मंडल की ओर से भी सुरंग निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजा गया है। इसके अलावा पांगी की 16 पंचायतों ने भी ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजे हैं, लेकिन उनकी बात को अनसुना किया गया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जनजातीय क्षेत्र की जनता की चिरलंबित एक सूत्री मांग चैहणी सुरंग की औपचारिकताएं पूरी करवाकर इसका निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए। इस अवसर पर संघ के महासचिव बीआर भारद्वाज, कोषाध्यक्ष लेख राज, केवल कृष्ण, लक्ष्मी चंद, भीम सेन शर्मा, किशन चंद वर्मा व शिवनाथ मौजूद रहे।
