वित्तीय अनियमितताएं पर दर्ज हो केस

चंबा। विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष रविंद्र रवि ने बचत भवन में उपायुक्त संदीप कदम की मौजूदगी में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और विभागों में लंबित आडिट पैरे को लेकर संबंधित विभागों से सवाल भी पूछे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला चंबा के कार्यों से वे व्यक्तिगत रूप से खुश नहीं हैं। मंडी और कुल्लु जिले में चंबा की अपेक्षा काफी अच्छे कार्य हुए हैं। समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मनरेगा व अन्य स्कीमों में वित्तीय अनियमितताएं करने वाले पंचायती राज प्रतिनिधियों व कर्मचारियों से मात्र रिकवरी ही न हो, बल्कि उनके खिलाफ अभियोग भी दर्ज होने चाहिए। अध्यक्ष ने बैठक में सूचना न होने का बहाना बनाने वाले अधिकारियों को लताड़ लगाई और कहा कि विभाग महालेखाकार कार्यालय की वेबसाइट में जाकर सीधे अपने विभाग से संबंधित आडिट पैरे की सूचना प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों को राज्य के मुख्य कार्यालयों से रिपोर्ट आने का इंतजार नहीं करना चाहिए। इस दिशा में प्रभावी कार्यान्वयन के मद्देनजर ही अब लोक लेखा समिति साल में दो बार जिलों में जाएगी। लोक लेखा समिति ने चंबा शहर की मल निकासी योजना के कार्य की गति में तेजी लाने की हिदायत दी और योजना के लिए आबंटित धनराशि को समय पर खर्च करने की बात कही। उपायुक्त संदीप कदम ने भरोसा दिलाया कि समिति के निर्देशों का पालन होगा। समिति के सदस्यों जय राम ठाकुर, बीके चौहान, खूब राम, पवन काजल, किरनेश जंग, केएल ठाकुर सहित एसडीएम चंबा बचन सिंह, एसीटूडीसी दिप्ती कपूर, एडीएम संदीप कुमार, सीएमओ राकेश वर्मा, एमके मिन्हास, डीएस पठानिया, आरके सूद, एमएल शर्मा ने बैठक में भाग लिया।
इंसेट ……..
जल्द निपटाएं रिकवरी के मामले
लोक लेखा समिति ने आबकारी एवं कराधान विभाग, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को रिकवरी के मामले जल्द निपटाने के लिए कहा। समिति ने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाकर अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों का कामकाज देखें।

Related posts