
चंबा। विस लोक लेखा समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में साल में दो बार समिति की बैठक होगी। इसमें अधिकारियों से संबंधित क्षेत्र की योजनाओं पर खर्च हुए बजट और लंबित पड़े कार्यों का ब्योरा लिया जाएगा। विकास कार्यों को गति प्रदान करने के बारे में भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्य शुरू न होने के लिए अधिकारी कई वजह बताते हैं। विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए इन वजहों का निवारण करना होगा।
उन्होंने उपायुक्त और विभागीय अधिकारियों को आदेश दिए कि वे मासिक या साप्ताहिक बैठक में पीएसी के भी केंद्र बिंदुओं को एजेंडे में शामिल करें। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूलने के भी सख्त आदेश दिए। बिजली बोर्ड जिस तरह बिल अदा न करने पर कनेक्शन काट देता है, उसी तरह आईपीएच को भी बकाया राशि वसूलने के प्रयास करने चाहिए।
व्यवस्था से असंतुष्ट दिखे अध्यक्ष
बैठक मेें बेशक प्रशासन ने पूरे प्रबंध कर रखे थे, लेकिन समिति के अध्यक्ष व्यवस्था पर असंतुष्ट दिखे। उपायुक्त को अगली बैठक में बेहतर प्रबंध करने को कहा।
बीच में बंद हो गया माइक
बैठक के दौरान माइक बीच में ही बंद हो गया। अधिकारियों को अध्यक्ष के सवालों का जवाब देने में दिक्कत हुई। प्रशासन के एक कर्मचारी को अधिकारियों के पास माइक लेकर जाना पड़ा। इस दौरान एसीटूडीसी और डीपीआरओ माइक ठीक करने की कोशिश करते रहे।
