
ऊना। जिला मुख्यालय की समीपवर्ती ग्राम पंचायत डंगोली में पिछले दिनों से पेश आ रही वारदातों की छानबीन शुरू हो गई है। एसएचओ सदर केएल बैरी रविवार को दलबल सहित मामले की छानबीन के लिए डंगोली पहुंचे। पुलिस टीम ने लोअर डंगोली सहित अपर डंगोली में भी दौरा कर हालातों का जायजा लिया, जबकि मौके पर कुछ लोगों से पूछताछ भी की। हालांकि पुलिस टीम ने अभी तक किसी के बयान दर्ज नहीं किए हैं। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने वारदातों के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस बेहद गंभीरता से मामले की छानबीन करेगी, जिससे पता लगाया जा सके कि डंगोली में कौन अज्ञात लोग ग्रामीणों पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डंगोली में वारदातों को अंजाम देने वालों को जल्द बेनकाब किया जाएगा।
