
धर्मपुर (मंडी)। रियूर चनौतर गांव में फिर उसी महिला पर हुआ है, जिसे शुक्रवार को नकाबपोश ने घायल कर दिया था। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, यहां के लोगों एवं पुलिस के लिए बार-बार हो रहे हमले पहेली बन कर रह गए हैं। अभी तक किसी भी हमले के बारे कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। पिछले दो दिन से बनाल पंचायत के रियूर एवं बिंगा तथा कमलाह पंचायत में भी ऐसी अफवाह फैली हुई है कि यहां कुछ अज्ञात लोग देखे गए। तलाश करने पर अभी तक कोई नहीं मिला। वहीं. लोग राह चलते अनजान लोगों की धुनाई करने में लगे हैं। जिससे प्रवासी लोगों में दहशत का माहौल है। बनाल पंचायत के रियूर चनैतर गांव में शुक्रवार को नकाबपोश व्यक्ति ने महिला पर हमला कर घायल कर दिया था। शनिवार को फिर उसी महिला का गला घोंटने की कोशिश की गई, लेकिन होमगार्ड एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी के बावजूद हमलावर का कोई पता नहीं चल पाया है। बनाल पंचायत के रियूर चनैतर गांव की महिला तमन्ना देवी पर शुक्रवार को जानलेवा हमला होने पर उन्हाेंने पुलिस चौकी धर्मपुर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसके बाद पुलिस ने वहां होमगार्ड के दो जवान तैनात कर दिए, मगर शनिवार सुबह दस बजे के करीब जब वही महिला अपने घर की ऊपरी मंजिल में दूध गर्म कर रही थी तो किसी ने आकर कपड़े के टुकड़े को उसके गले में डालकर बाहर खींचने की कोशिश की। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनने पर गांव के लोग और होमगार्ड के जवान वहां आते हैं, लेकिन वहां कोई दिखाई नहीं देता। जबकि, कपड़े का टुकड़ा वहीं पड़ा मिला। इस बारे में पुलिस चौकी प्रभारी धर्मपुर नसीब सिंह ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने शुक्रवार रात फिहड़, बिंगा, शेरपुर का चक्कर लगाया। शनिवार को उन्होंने स्वयं रियूर चनैतर गांव का दौरा किया, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला।
