
मंडी। वल्लभ कालेज मंडी में कक्षाओं में न जाने वाले छात्र-छात्राओं पर गाज गिर गई है। कालेज प्रशासन ने एक सौ नब्बे के करीब छात्र-छात्राओं के नाम हाजिरी रजिस्टर से काट दिए हैं। इन तमाम छात्रों के कक्षाओं में जाने पर प्रतिबंध लग गया है। यह छात्र-छात्राएं जुर्माने सहित दोबारा दाखिला लेने के बाद ही कक्षाओं में जा सकेंगे। कक्षाओं से नदारद रहने पर कालेज प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए छात्रों के नाम काटे हैं।
लगभग सभी संकाय एवं विषयाें के छात्र-छात्राएं इनमें शामिल हैं। कालेज प्रशासन की सख्ती के चलते एमए के छात्रों पर भी यह गाज गिरी है। कालेज प्रशासन के मुताबिक लगातार दस दिन तक कक्षा में अनुपस्थित रहने वाले स्टूडेंट का नाम हाजिरी रजिस्टर से काटा जा सकता है। लंबी छुट्टी लेने के लिए कालेज में प्राध्यापक वर्ग सहित कालेज प्राचार्य के माध्यम से छुट्टी ली जा सकती है, मगर इनमें से किसी भी छात्र ने छुट्टी नहीं ली है। ऐसे में कालेज प्रशासन ने बीए तृतीय वर्ष से 24, साइंस गणित प्रथम वर्ष में 3, ज्यूलॉजी प्रथम वर्ष से 19, बीए द्वितीय से 16, बीए तृतीय में 12, आर्ट्स हिंदी प्रथम में 3, एमए इतिहास में 3, इतिहास प्रथम वर्ष से 6, साइंस फिजिक्स में 4, गणित तृतीय में 1, नॉन मेडिकल बीएससी द्वितीय में 12, बीए द्वितीय में 17, बीएससी मेडिकल तृतीय में 21, बीएससी द्वितीय में 12, बीसीए तृतीय में 10, बीएससी तृतीय में 9 एवं आर्ट्स भूगोल प्रथम में 4 समेत कुल 188 छात्र-छात्राओं के नाम हाजिरी रजिस्टर से काट दिए हैं। जिन छात्र-छात्राआें के नाम काटे जा चुके हैं, उन्हें 100 रुपये जुर्माना सहित दोबारा दाखिला लेना होगा। कालेज प्रशासन ने छात्रों की सूचना के लिए स्ट्रक ऑफ लिस्ट कक्षा और रोल नंबर सहित नोटिस बोर्ड में भी लगा दी है। इधर, कालेज प्राचार्य एमएस जम्वाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि विभिन्न कक्षाओं के लगभग 190 छात्रों के नाम अनुपस्थित रहने पर काटे गए हैं। जिन्हें जुर्माना भरने के साथ दोबारा दाखिला लेना होगा।
