रोगी कल्याण समिति हायर करेगी विशेषज्ञ

कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब मरीजों को डाक्टरों की कमी से परेशान नहीं होना पड़ेगा। रोगी कल्याण समिति ने क्षेत्रीय अस्पताल में डाक्टरों की कमी को दूर करने के लिए निजी अस्पतालों से विशेषज्ञ चिकित्सक हायर करने की योजना तैयार की है। इस योजना के तहत अस्पताल में जिस भी रोग के विशेषज्ञ नहीं होंगे। उन्हें निजी अस्पताल से हायर किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल ने तीन निजी अस्पतालों को पत्र भेजे हैं। उपायुक्त राकेश कंवर का कहना है कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल में हाल ही में हरिहर अस्पताल के सहयोग से लैब खोली गई है। इसमें लोगों को 24 घंटे टेस्ट करवाने की सुविधा प्रदान की गई है। ये सभी टेस्ट रोगी कल्याण समिति की निर्धारित दरों पर होंगे। अब रोगी कल्याण समिति के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल में निजी अस्पतालों से विशेषज्ञ हायर करने की योजना तैयार की गई है। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के एसएमओ डा. कमल कपूर ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब रोगी कल्याण समिति के माध्यम से विशेषज्ञ हायर किए जाएंगे। इसके लिए तीन निजी अस्पतालों को पत्र भी भेजे गए हैं।
ये विशेषज्ञ नहीं हैं अस्पताल में
कुल्लू। जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शिशु विभाग में इन दिनों कोई विशेषज्ञ न होने के कारण लोगों को मजबूरन निजी क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है। इसके अलावा अस्पताल के गायनी और मेडिसन विभाग में भी एक-एक विशेषज्ञ हैं। कई सालों से अस्पताल में एनिस्थीसिया विशेषज्ञ का पद खाली चल रहा है।

Related posts