ऊना से राजीव गौतम और अंब से मनोहर जीते

ऊना/अंब। जिले में कांगड़ा कोआपरेटिव बैंक के तीन निदेशक पदों के लिए हुए चुनाव का परिणाम शनिवार शाम को घोषित हो गया। ऊना ब्लाक से निदेशक पद पर राजीव गौतम ने जीत दर्ज की।
इसके अलावा अंब ब्लाक में मनोहर लाल तथा गगरेट ब्लाक में प्रकाश चंद निदेशक पद पर काबिज हुए। ऊना ब्लाक के रिटर्निंग अफसर बालक राम शर्मा ने बताया कि ऊना ब्लाक में राजीव गौतम एवं राजेंद्र शर्मा के बीच मुकाबला था। कुल 69 में से 59 सदस्यों ने राजीव गौतम के नाम पर मुहर लगाई। राजेंद्र शर्मा को 10 मतों पर ही संतुष्ट होना पड़ा। वहीं ब्लाक अंब के कोआपरेटिव सोसाइटी के निदेशक पद का चुनाव ब्लाक कार्यालय में चुनाव अधिकारी रमेश जसवाल की देखरेख में हुआ। ब्लाक अंब के कोआपरेटिव सोसाइटी के निदेशक पद के लिए देवेंद्र कुमार एवं मनोहर लाल ने पर्चा भरा था। 98 सदस्यों में से 54 सदस्यों ने मनोहर लाल निवासी त्यार को अपना समर्थन देकर विजयी बनाया, जबकि देवेंद्र कुमार को 44 वोट मिले। उधर, कांगड़ा बैंक के निदेशक के चुनाव में गगरेट जोन के सलोह बैरी गांव के प्रकाश ने पवन लंबरदार को शिकस्त देकर अपनी जीत दर्ज करवाई। कुल 92 में से 56 मत प्रकाश एवं 36 मत पवन को पड़े। जीत दर्ज करने के बाद राजीव गौतम ने समर्थकों के साथ ऊना में विजय रैली भी निकाली। उधर, विजेता उम्मीदवारों मनोहर लाल और प्रकाश को भी समर्थकों ने सर आंखों पर बिठाया तथा विजय जुलूस निकालते खूब नाटी डाली।

Related posts