शिक्षक पहले खुद चखें मिड-डे-मील

मंडी। उपायुक्त देवेश कुमार ने कहा कि जिले में मनरेगा के तहत अगस्त माह में एक करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। शुक्रवार को प्रशासन में दक्षता लाने संबंधी बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा में लाइन डिपार्टमेंट के तहत चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। वर्षा जल संग्रहण पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि वे स्कूलों में निर्मित जल संग्रहण रचनाओं का सही प्रयोग करें। जिन स्कूलों में वर्षा जल संग्रहण ढांचे निर्मित नहीं हैं, वहां युद्ध स्तर पर इनका निर्माण करें।
स्कूलों में दोपहर के भोजन को अध्यापकों की देखरेख में तैयार किया जाए तथा उसे छात्रों को परोसने से पहले अध्यापक खुद भोजन को खाकर देखें। उपायुक्त ने नगर परिषद तथा पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस अड्डों, शहरों, कस्बों तथा सार्वजनिक स्थानों पर बने शौचालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देकर उनकी सफाई की उचित व्यवस्था करें।
खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित तौर पर ढाबों का निरीक्षण करें तथा वहां पर परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और रेट लिस्ट की भी जांच करे। बैठक में पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय, समस्त उपमंडलाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts