
बलद्वाड़ा (मंडी)। क्षेत्र में वीरवार शाम आए तेज अंधड़ तथा बारिश ने किसानों की मक्की की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज बारिश के साथ आए अंधड़ से किसानाें की कई बीघा भूमि पर खड़ी मक्की की फसल खेतों में बिछ गई है। क्षेत्र के किसान ध्यान सिंह, बलवीर सिंह, सतीश कुमार, देशराज, सोहन सिंह, अमर सिंह ने बताया कि तेज अंधड़ ने किसानाें की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया है। किसानाें की करीब अस्सी फीसदी फसल तबाह हो गई। किसानाें ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। इधर, कृषि विकास अधिकारी बलद्वाड़ा मनोहर कालिया ने बताया कि फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया जाएगा। नुकसान की रिपोर्ट विभाग को भेज दी जाएगी।
