वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर खोलें

डलहौजी (चंबा)। हिमाचल पेंशनर कल्याण संघ की बनीखेत इकाई की बैठाक एसडीएम कार्यालय में एसडीएम संजय धीमान की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारीयों ने भाग लिया। बैठक में पेंशनरों द्वारा रखी गई मांगों पर एसडीएम ने गौर करते हुए इन्हें हल करने का आश्वासन दिया। पेंशनरों द्वारा रखी गई मांगों में विभिन्न बैंकों व विभागों में वरिष्ठ नागरिकों व पेंशन धारकों हेतु अलग काउंटर की व्यवस्था करना, विभिन्न सरकारी विभागों में सूचना पट प्रदर्शित करना, निजी बसों में म्यूजिक सिस्टम पर प्रतिबंध लगाना, बनीखेत बाजार में शौचालय की हालत सुधारना, बनीखेत व सुभाष चौक डलहौजी में सामुदायिक लाइब्रेरी खोलना, डलहौजी के गांधी चौक में पानी का बिल जमा करवाने के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था, डलहौजी या बनीखेत में फायर ब्रिगेड स्टशन खोलना, उपमंडल के विभिन्न सरकारी विभागों में पेंशन धारकों के लंबित चिकित्सा व अन्य बिलों का भुगतान शामिल हैं। इन मांगों पर एसडीएम ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के एक्सीईन वीके शर्मा, तहसीलदार डा. सुरेंद्र ठाकुर, हिमाचल पेंशनर कल्याण संघ के बनीखेत ईकाई अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, महासचिव रतन चंद शर्मा, नगर परिषद के जेई संजीव शर्मा, सेनेटरी इंस्पेक्टर अतुल महाजन व अन्य सरकारी अधिकारियों के अलावा पेंशन कल्याण संघ के कई सदस्य मौजूद रहे।

Related posts