वोकेशनल कोर्स के मिलेंगे दो सर्टिफिकेट

चंबा। सरकार की ओर से स्कूलों में शुरू किए गए वोकेशनल विषय को पढ़ने वाले छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद दो सर्टिफिकेट मिलेंगे। इसमें एक सर्टिफिकेट संबंधित संकाय का होगा, जिसमें छात्र ने पढ़ाई की है और दूसरा सर्टिफिकेट वोकेशनल विषय का अलग से मिलेगा। जो छात्र चार लेवल पूरे नहीं करेगा उसे सर्टिफिकेट नहीं दिया जाएगा। वोकेशनल विषय पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को चार लेवल पूरे करने ही होंगे। इसके बाद उन्हें वोकेशनल का सर्टिफिकेट दिया जाएगा। विदित रहे कि सरकार की ओर से प्रदेश के 100 स्कूलों में वोकेशनल एजुकेशन को शुरू किया गया है। इसमें नौंवी कक्षा में लेवल वन, दसवीं में लेवल टू, प्लस वन में लेवल थ्री और प्लस टू में लेवल फोर का कोर्स करवाया जा रहा है। यह चार लेवल पूरे करने के बाद ही संबंधित विषय के छात्र-छात्राओं को वोके शन कोर्स का सर्टिफिकेट मिलेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वोकेशन विषय में कुल 100 नंबर का पेपर होगा। इसमें 50 नंबर का प्रेक्टिकल, 35 नंबर की थियोरी और 15 नंबर की इंटरनल असेस्मेंट होगी। प्रेक्टिकल करवाने के लिए सभी स्कूलों में लैब तैयार हो रही है। उधर, एनवीईक्यूएफ के जिला कोआर्डिनेटर सुनील नैय्यर ने बताया वोकेशनल विषय के एग्जाम का शेड्यूल स्कूलों में पहुंच चुका है। उन्हाेंने कहा कि वोकेशनल पढ़ने वाले छात्रों को दो सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। जिला के नौ स्कूलों में 18 शिक्षकों की तैनाती कर दी गई है और वोकेशनल विषय की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि लैब को तैयार किया जा रहा है। जब तक लैब तैयार नहीं होती स्कूल में छात्रों के प्रेक्टिकल करवाने के लिए एक अस्थायी स्ट्रक्चर तैयार किया गया है।

Related posts