26 साल में 26 दिन ही दी ड्यटी

भरमौर (चंबा)। औरा पंचायत के करीब ढाई दर्जन लोगों ने एक लिखित शिकायत पत्र अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डा. जितेंद्र कंवर को सौंपा। उन्होंने शिकायत पत्र के माध्यम से बताया कि स्वास्थ्य केंद्र औरा वर्ष 1964 में खोला गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस स्वास्थ्य केंद्र में 26 वर्षों से एक महिला स्वास्थ्य कर्मचारी अनियमित रूप से सेवाएं दे रही है। इतने वर्षों में एक बार भी इस कर्मचारी का स्थानातंरण नहीं हुआ है। उन्होंने महिला कर्मचारी पर 26 वर्षों में 26 दिन स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद रहने का भी आरोप लगाया है। शिकायत पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने अफसोस जताया है कि केंद्र में तैनात महिला कर्मचारी सरकारी नौकरी का दुरुपयोग कर रही है। ग्रामीणों ने इस महिला की शिकायत कई बार स्थानीय नुमांइदों व अधिकारियों से भी की है। इसके बावजूद भी महिला अपनी ड्यूटी सही तरीके से नहीं दे रही है। शिकायत करने वालों में मान सिंह, कर्मचंद, कन्हैया लाल, सुरेंद्र कुमार, किशोरी कुमार, मदन कुमार, मुन्सी, हरपाल, किरपा राम ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डा. जितेंद्र कंवर ने इस बात पर कड़ा संज्ञान लेते हुए ब्लॉक खंड चिकित्सा अधिकारी को तुरंत इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए गांवों में स्वास्थ्य केंद्र खोल रखें है। इस तरह कर्मचारी का ड्यूटी से गायब रहना खेद का विषय है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। दंडाधिकारी ने बताया कि 28 लोगों का हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र उन्हें मिला है।

Related posts