दशहरे से पहले बनाएं औट-लारजी मार्ग

कुल्लू। लोक लेखा समिति पीएसी ने शुक्रवार को लारजी-औट क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। विधायक रविंद्र सिंह रवि कि अध्यक्षता में लोक लेखा समिति से जुडे़ 11 विधायकों के एक समूह ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के तहत लारजी-औट पुराने सड़क मार्ग का निरीक्षण कर इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में बनाने के निर्देश दिए। बंजार के विधायक कर्ण सिंह के प्रवक्ता टीसी महंत ने बताया कि शुक्रवार को बंजार कांग्रेस के अध्यक्ष जय बिहारी लाल, उपाध्यक्ष टहल सिंह राणा, महासचिव मोती राम पालसरा, कोषाध्यक्ष हरि सिंह नेगी सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पीएसी समिति से जुडे़ विधायकों के समूह का मारकंडेय ऋषि मंदिर थलौट में स्वागत किया। इसके बाद लोक लेखा समिति का काफिला अधिकारियों संघ औट टनल के पास रुका और लोक निर्माण विभाग को टनल में वाहनाें की बेेहतर आवाजाही बारे निर्देश दिए। विधायक कर्ण सिंह के आग्रह पर समिति ने क्षतिग्रस्त लारजी-औट सड़क के शीघ्र निर्माण करने को विभाग को कहा है।
विधायक कर्ण सिंह ने समिति के समक्ष अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के दौरान आने जाने वाले सैंज, बंजार, आनी और निरमंड के करीब सौ देवी-देवताओं के कारकूनों को टनल से गुजरने पर होने वाली दिक्कतों बारे बताया। इसका समर्थन आनी के विधायक खूब राम आनंद और सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने भी किया। सड़क का निरीक्षण करने के बाद समिति का काफिला औट टनल पहुंचा। उन्होंने टनल में हो रहे पानी के रिसाव पर चिंता प्रकट की। प्रदेश विस लोक लेखा समिति के समूह में बंजार के विधायक कर्ण सिंह, आनी के विधायक खूब राम आनंद, सराज के विधायक जय राम ठाकुर, विधायक सुरेश भारद्वाज, बीके चौहान, पवन काजल, कृष्ण लाल ठाकुर, किरनेश जंग, यदविंद्र गोमा और डीसी राकेश कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts