स्कूलों में मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक

कुल्लू। जिले के सरकारी स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्कूली बच्चे हों या स्कूल के मास्टर जी परिसर में मोबाइल के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी। शिक्षा विभाग ने इस बाबत फरमान जारी कर दिया है। बच्चों और मास्टर जी का फोन सेट के साथ स्कूल में प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। पकड़े जाने पर एजूकेशन कोड 2.32 बी के तहत कार्रवाई का प्रावधान किया है।
शिक्षा विभाग के मुताबिक कुछ स्कूलों में इस नियम पर अमल नहीं हो रहा। महकमे ने अब इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए इसे सख्ती से लागू करने का फैसला लिया है। इसकी पुष्टि जरी स्कूल के प्रधानाचार्य योगराज कौशल ने की है। कहा कि विभाग ने पत्र लिखकर फोन को स्कूल परिसर में वर्जित कर दिया है। जरी स्कूल में इस अभियान के तहत शुक्रवार को तीन छात्रों से फोन रखने पर उनसे तथा उनके अभिभावकों से जवाब मांगा है। उन्होंने बताया कि मार्निंग एसेंबली, कक्षा के कमरों और अन्य स्कूलों के कार्य करते समय मोबाइल की घंटी बजती है तो शिक्षकों और बच्चों पर कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा उपनिदेशक सेकेंडरी जगदीश चंद ने कहा कि सरकार और उच्च अधिकारियों के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें।

Related posts