
ऊना। शहर के कारोबारी के घर पर सरेआम पथराव करने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने शहर में हुड़दंग मचाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य युवक फरार हैं। इनकी धर पकड़ को पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं। बताया जा रहा शहर में विभिन्न जगहों पर उत्पात मचाने वाले युवक इससे पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और वीरवार सायं शहर के रोटरी चौक पर स्थित कारोबारी के घर में पत्थरों एवं ईंटों से हमला बोल दिया। यदि समय रहते स्थानीय मोहल्ला वासी एवं दुकानदार हुड़दंगी युवकों को न दबोचते, तो यह किसी भी खूनी वारदात को अंजाम दे सकते थे। उधर, एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि वारदात के एक आरोपी गौरव कुमार उर्फ चैंगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अन्य युवकों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को कतई बख्शा नहीं जाएगा, शहर सहित थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाएगा।
