
ऊना। शहर के वार्ड नंबर चार स्थित राजकीय महाविद्यालय के समीप वीरवार देर रात काला कच्छा गिरोह की अफवाह से दहशत फैल गई। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से निकल कर गिरोह को पकड़ने के लिए भाग निकले। रात लगभग दो घंटे तक इसी अफरा-तफरी के बीच लोग सड़कों सहित आसपास की गलियाें में घूमते रहे। स्थानीय लोगों गिरिधारी लाल, अशोक कुमार, ज्योति कुमार, रमेश कुमार ने बताया कि देर रात मोहल्ले में अज्ञात लोगों को घूमते देखा गया। इसके चलते लोग उनकी धर पकड़ के लिए काफी देर तक भागते रहे। उधर, जिला मुख्यालय के समीपवर्ती डंगोली में भी अज्ञात लोगाें की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल बरकरार है। हालांकि युवा रात-रात भर लोगों की सुरक्षा के लिए पहरे लगा रहे हैं। लेकिन फिर भी लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में एएसपी वीएस ठाकुर का कहना है कि डंगोली में पुलिस अब अपने स्तर पर मामले की छानबीन करेगी। जिससे पूरे मामले का पटाक्षेप कर लोगों को राहत दिलाई जा सके।
चूरा पोस्त का आरोपी रिमांड पर
ऊना। जिला मुख्यालय के एमसी पार्क में पकड़े चूरा पोस्त के आरोपी को शुक्रवार अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि रोटरी चौक स्थित एमसी पार्क में अशोक कुमार पुत्र रामपाल निवासी बसाल को 4 किलो ग्राम चूरा पोस्त सहित दबोचा था। जिसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी से मामले के संदर्भ में कई अहम पहलुओं पर गहनता से पूछताछ की जाएगी।
