
अंब (ऊना)। पंचायत समिति अंब ने दुकानदारों से दुकानों के बकाया किराया की वसूली के लिए सख्ती से कार्रवाई करने का फैसला लिया है। पंचायत समिति ने किराये के भुगतान के लिए 10 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। इसके अलावा दुकानदारों को नोटिस भेजने का इंतजाम भी कर लिया है। पंचायत समिति अंब के अध्यक्ष मस्तान सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने इस दिशा में अब सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पंचायत समिति कार्यालय में शुक्रवार को समिति अध्यक्ष मस्तान सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समिति के अन्य सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। उन्हाेने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि समिति की ओर से बनवाई गई 45 दुकानों का करीब 20 लाख रुपये किराया कई वर्षों से बकाया है। इसे वसूल करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। किरायेदारों को इसके लिए नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। नोटिस में 10 सितंबर तक बकाया किराया पंचायत समिति कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। किराया जमा न होने की सूरत में किराया वसूलने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पंचायत समिति के अध्यक्ष के अलावा ब्लाक समिति सदस्य कुलदीप डोगरा, संजीव कुमार, महेंद्र के अलावा अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
