
सोनीपत : मुरथल मार्ग स्थित पूर्व मंत्री के होटल में वीरवार को लोगों ने जमकर तोड़-फोड़ की। लोगों का आरोप है कि होटल में वेश्यावृत्ति का धंधा चल रहा था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित लोगों की भीड़ पुलिस से भी भिड़ गई। इस दौरान पुलिस व लोगों के बीच जमकर हाथापाई हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को होटल से बाहर निकाला लेकिन भीड़ का उग्र रूप बाहर आकर भी नहीं थमा। लोगों ने होटल पर पत्थरबाजी कर शीशे, सी.सी.टी.वी. कैमरा व फर्नीचर तोड़ दिया।
साजिश के तहत होटल को जलाने की कोशिश
होटल मालिक व पूर्व शिक्षामंत्री शांति राठी के बेटे विक्रम ने बताया कि हाल में उन्होंने गैस्ट हाऊस व बैंक्वेट हाल ठेके पर देख रखे हैं। गैस्ट हाऊस को जहां धर्मबीर दहिया चलाता है वहीं बैंक्वेट हाल विजय तनेजा चला रहा है। उनके होटल को हुड़दंगियों ने साजिश के तहत जलाने की कोशिश की। होटल मालिक ने बताया कि मामले के पीछे राजनीतिज्ञ का हाथ भी हो सकता है ऐसा इसलिए क्योंकि 500 लोगों की भीड़ अचानक इतना बड़ा हंगामा नहीं कर सकती।
जब से उन्होंने राजनीति में कदम रखा है उनके होटल में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए जा रहे हैं परंतु कभी होटल में आरोपों से संबंधित कोई सबूत नहीं मिला। ऐसे में पुलिस को हुड़दंग करने वाले लोगों पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
पहले भी हो चुका है हो-हल्ला
लोगों ने बताया कि होटल में वेश्यावृत्ति होने की शिकायत वे कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को कर चुके हैं लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। यहीं नहीं वे मामले को लेकर अपना विरोध कई बार दर्शा चुके हैं। होटल के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि सुबह होटल में कुछ लड़के व लड़कियां मौजूद थे लेकिन जब वे होटल में पहुंचे तो सभी वहां से भाग निकले।
