
काले कपड़ों में थे पांचों आरोपी, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के समताना खुर्द गांव में एक युवक पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने काले कपड़े पहने हुए थे। बुधवार देर शाम करीब आठ बजे घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। युवक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक राजेश कुमार (21) निवासी समताना खुर्द ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार शाम करीब पौने आठ बजे वह धंगोटा से घर जा रहा था। उसने गांव के दवाइयों की दुकान करने वाले युवक को घर चलने के लिए आवाज लगाई तथा स्वयं पैदल चल दिया। समताना खुर्द पहुंचने से पहले खेतों से दो आदमी निकले तथा अचानक गर्दन पर जोर से मुक्का मारा। उसके हाथ से सामान खींचने लगे। खेतों से तीन और लोग बाहर आ गए। खींचातानी में एक ने उसे नुकीली वस्तु से हमला कर दिया जिस कारण चोटें आई हैं। इससे वह घायल हो गया है। इस दौरान पीछे से किसी के आने की आहट सुनकर वे उसे छोड़कर भाग गए। दवाइयों की दुकान कर रहे युवक ने उसे उठाया। राजेश कुमार ने बताया कि पांच लोगों ने काले कपड़े पहने हुए थे तथा मुंह ढका हुआ था। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि पुलिस ने युवक के बयान के आधार पर धारा 341, 147, 323 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
