सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन जरूरी

चंबा। सदर थाना चंबा में रोड सेफ्टी क्लब की बैठक का आयोजन किया गया है। इसमें व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, चंबा वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों के सहित क्लब के मेंबरों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता एसएचओ तिलक राज ने की। बैठक में शहर में बढ़ रही जाम की समस्या और सुरक्षित यातायात के विषय पर मंथन किया गया। समस्त सदस्यों ने सुरक्षित यातायात को लेकर अपने- अपने सुझाव रखे और प्रशासन से भी कुछ जरूरी कदम उठाने की मांग की। बैठक में एसएचओ ने कहा चालान करना ही हर समस्या का हल नहीं है। जागरूकता की कमी से कई बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर दूसरे व्यक्ति को भारी नुकसान झेलना पड़ता है। प्रशासन और पुलिस सदैव जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए कार्य करती है। सुरक्षित यातायात के लिए जनता का सहयोग आपेक्षित है। तिलक राज ने कहा कि एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक होने के नाते लोगों को गाड़ियां उचित स्थान पर पार्क करनी चाहिए। उन्होंने समस्त वाहन चालकों से आग्रह किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन न चलाएं और वाहन चलाते वक्त मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। बैठक में पवन कुमार, संजय, अनूप महाजन, छिंदू शर्मा, हरदीप सिंह, अनिल गौतम, सुधीर शर्मा, राज कुमार, प्रदीप, विक्की, मोनू और बंटू ने भाग लिया।
बाक्स
स्पीड ब्रेकर पर जेब्रा क्रासिंग बनाने की मांग
बैठक में उपस्थित टैक्सी यूनियन के प्रधान संजय महाजन, व्यापार मंडल के प्रधान अनूप महाजन, एससी नैय्यर ने कहा कि शहर के आस की सड़कों में बहुत सारे स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं। इन स्पीड ब्रेकरों पर पेंट से कोई निशान अंकित नहीं किए गए हैं। जैबरा क्रासिंग न होने के कारण तेज रफ्तार से आ रहे वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर का पता नहीं चल पाता है। कारणवश गाड़ी जंप करती है और वाहनों में बैठी सवारियों को दिक्कत उठानी पड़ती है। रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों ने स्पीड ब्रेकर के स्थान पर जेब्रा क्रासिंग बनाने की मांग की है।

Related posts