
चंबा। शिक्षक दिवस पर डिग्री कालेज चंबा में एनएसएस और रेड रिबन क्लब की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में आठ छात्रों और तीन छात्राओं ने रक्तदान किया। सीएमओ ने इस मौके पर दरबार हाल में उपस्थित सैकड़ों विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बडे़ हर्ष की बात है कि कालेज में शिक्षक दिवस के महत्वपूर्ण दिन को रक्तदान शिविर के रूप में मनाया जा रहा है। रक्तदान महादान है, इसका कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से रक्तदान के विषय में जानकारी हासिल कर दूसरों को जागरूक करने की बात कही। युवाओं को रक्तदान करने से संकोच नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में मंच का संचालन डा. विद्यासागर शर्मा और डा. मोहिंद्र सलारिया ने किया। कालेज की कार्यकारी प्राचार्य मंजुला शर्मा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन सराहनीय कदम है। विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का भी विकास होना चाहिए। अर्थशास्त्र के प्रवक्ता डा. शिव दयाल शर्मा ने कहा कि कामयाब व्यक्ति की सफलता के पीछे गुरु का अहम योगदान होता है। इसी के चलते समाज में गुरु को भगवान का दर्जा दिया गया है। एनएसएस प्रभारी डा. सलारिया ने रक्तदान शिविर के आयोजन के लिए सीएमओ और विभागीय टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि दुनिया में एक विलियन युवा एचआईवी से ग्रसित हैं। इसमें 15-24 आयु वर्ग के युवा शामिल हैं। भारत में युवाओं में एचआईवी पॉजीटिव के मामले ज्यादा देखने को मिल रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस जानलेवा बीमारी से बचाव के बारे में पता होना जरूरी है। डा. रामकमल ने छात्रों को बताया कि रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती है। कार्यक्रम में प्रोफेसर प्रविंद, जतेंद्रा, सपना बख्शी, पूर्णिमा, जयश्री, संतोष, पूनम, बेबी ठाकुर, प्रोमिला ठाकुर, शिवानी, डा. चमन, स्वास्थ्य विभाग के गिरधारी लाल, मानक नरयाल, आरती सहगल और महिंद्र मौजूद रहे।
बाक्स
समाज में भागीदारी सुनिश्चित करें युवा : राठौर
शिक्षक दिवस पर डा. विपिन राठौर ने कहा कि व्यक्ति मेहनत, माता-पिता की दुआओं और शिक्षक के योगदान से अपनी मंजिल प्राप्त करता है। एक शिक्षक सभ्य समाज की नींव रखने में अहम भूमिका अदा करता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पढ़ाई के बाद समाज की भलाई के लिए कुछ न कुछ योगदान जरूर दें। समस्त लोगों के प्रयासों से ही हमारे समाज का विकास संभव है।
