श्रद्धा की रोशनी से छंट गया स्याह अंधेरा

बजौरा (कुल्लू)। सूरज ढलने के बाद चढ़ा स्याह अंधेरा माता अंबिका के परिसर में श्रद्धा की रोशनी से छंट गया। रोशनी भी ऐसी थी कि तिनका-तिनका ढूंढा जा सके। कुछ ऐसा ही नजारा था मां अंबिका के परिसर में होम आयोजन पर। बुधवार रात करीब ग्यारह बजे नाऊ-पनाऊ गांव के लोग जलती मशालें हाथों में पकड़ कर एक जगह एकत्रित होने लगे। इससे मां अंबिका का परिसर पूरी तरह से मशालों की रोशनी से जगमगा उठा।
अंबिका माता मंदिर नाऊ में होम के आयोजन पर कुल्लू और मंडी जिले के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। बुधवार रात करीब दस बजे पूजा अर्चना के बाद रांघड़ गांव में अंबिका माता के प्राचीन मंदिर में माता का खारा लाया गया। इस देव यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। एक घंटे की पैदल यात्रा के बाद माता के खारे के साथ सैकड़ों श्रद्धालु नाऊ पहुंचे थे। माता का खारा नाऊ पहुंचते ही पूरा क्षेत्र मां के जयकारों से गूंज उठा। मां का खारा मंदिर पहुंचने के बाद होम अग्नि जलाई गई। इसके बाद वीरवार सुबह तक मां का शृंगार किया गया। नाऊ होम में कुल्लू और मंडी जिले के हजारों लोगों ने शिरकत की। मंदिर कमेटी के कारदार शेर सिंह शर्मा और प्रधान तेजराम शर्मा ने बताया कि मां अंबिका का होम हर साल इसी तरह मनाया जाता है। यह परंपरा हर वर्ष निभाई जाती है। होम के साथ ही माता अंबिका का मेला भी शुरू हो गया है। मेले में वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

…भजनों से गूंजा माता परिसर
कुल्लू। नाऊ के आयोजन पर कांगड़ा से आई भजन मंडली ने मेला मईया दा, तालियां बजाओ भक्तों समेत कई भजन पेश किए। मंदिर कमेटी के मुख्य कारदार शेर सिंह शर्मा ने बताया कि इस भजन मंडली को कांगड़ा के मनीष नंदा कई सालों से यहां लाते आ रहे हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर में रात भर भजनों का दौर चलता रहा।

Related posts