
ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव डंगोली में काला कच्छा गिरोह सहित नकाबपोश लोगों के कारण एक ओर जहां दहशत बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर इस मार्ग से गुजरने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। हालत यह है कि गिरोहों के दस्तक देने की दहशत में लोगों ने पुलिस का काम भी अपने हाथ में ले लिया है। अब न केवल रात, बल्कि दिन के समय भी पहरेदारियां की जा रही हैं। ग्राम पंचायत में आने वाले हर व्यक्ति से अब पूछताछ की जा रही है। उसके आने और जाने का कारण पूछा जा रहा है। हालत यह है कि साधुओं के वेश में आने वालों पर सबसे अधिक फोकस किया जा रहा है। फेरियां लगाकर सामान बेचने वालों को भी नहीं बख्शा जा रहा है, लेकिन इस मामले में ग्रामीणों की ओर से पुलिस में कोई शिकायत न दर्ज करवाने पर मामला और भी उलझ गया है। पंचायत में एक महिला ने रविवार रात अपनी पुत्री के साथ छीना-झपटी किए जाने के आरोप लगाए थे, जिसके चलते एएसपी वीएस ठाकुर की अगुवाई में पुलिस मामला दर्ज करने पहुंची, लेकिन पुलिस को भी बैरंग लौटा दिया गया। फिर बुधवार देर सायं उसी महिला ने अपने साथ स्नेचिंग की वारदात होने का आरोप लगाया, लेकिन फिर एफआईआर दर्ज करवाने से मना कर दिया। उधर, एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि लोगों में इस प्रकार की अफवाहाें से दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब पुलिस कर्मी डंगोली क्षेत्र में सिविल में तैनात किए जा रहे हैं। उन्हाेने बताया कि हथियारों से लैस होकर ठीकरी पहरा देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, इसके लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई है।
