लारजी-औट-लुहरी सड़क का कार्य शुरू

कुल्लू। लारजी-औट बाईपास सड़क का कार्य शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी ने सड़क के निर्माण कार्य को लेकर कवायद शुरू कर दी है। इस कार्य से बंजार, आनी और सैंज के देवलुओं में खुशी है। इसके लिए कारकूनों ने बंजार के विधायक कर्ण सिंह का आभार भी जताया है। लारजी झील बनने से यह सड़क बंद कर दी थी। सड़क बंद होने से कुल्लू दशहरा को आने वाले देवी-देवताओं के कारकूनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। देवताओं को टनल से होकर गुजरना पड़ता था। अधिकतर देवी-देवताओं ने गूर के माध्यम से टनल से गुजरने का विरोध भी किया था। इससे देवताओं की सुरक्षा भी खतरे में थी। लेकिन सभी देवताओं के कारदारों ने विधायक कर्ण सिंह के समक्ष मांग रखी थी। इस सड़क से सैंकड़ों देवी-देवता आनी, बंजार और सैंज से दशहरा उत्सव को आते हैं।
अब देवी-देवता टनल के बजाए पुराने मार्ग से दशहरा उत्सव में आएंगे। सेवादल के जिला महामंत्री घनश्याम गौतम ने कहा कि कर्ण सिंह के अथक प्रयासों से इस सड़क का कार्य शुरू हो गया है। दशहरा उत्सव तक देवी-देवताओं को आने-जाने में सहूलियत होगी। इस कार्य के लिए इंटक के प्रदेश प्रवक्ता अमर सिंह, हेमराज शर्मा, बूथ अध्यक्ष अमीर चंद, नरेश कुमार, जीत राम, टिकमराम, लीलाधर चौहान और गोविंद ठाकुर ने खुशी जाहिर की है और विधायक कर्ण सिंह का आभार जताया है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रवि सोनी ने बताया कि लारजी-औट सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर छेड़ा है। दशहरा से पहले सड़क के निर्माण कार्य को पूरा कर दिया जाएगा।

Related posts