
अंब/मुबारिकपुर(ऊना)। उपमंडल के तहत भंजाल क्षेत्र में भंजाल, शिवपुर और अंबलैहड़ पंचायतों की करीब ढाई हजार की आबादी के लिए पिछले छह दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोगों को पेयजल किल्लत के चलते साथ लगते क्षेत्रों से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ रहा है। पेयजल सप्लाई ठप होने के चलते लोगों ने आईपीएच विभाग के प्रति गहरा रोष जताया है। लोगों का कहना है कि आईपीएच विभाग के कर्मचारियों को इस संदर्भ में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। स्थानीय निवासी विशन सिंह, तिलक राज, नरेश, गुलशन, राहुल कुमार, राकेश सिंह, प्रीतम, शमशेर सिंह, चंद्रशेखर, विनोद कुमार, गोल्डी, नरेश कुमार, रामनाथ शर्मा व वार्ड पंच जगदंवो सहित अन्य ने बताया कि लगभग एक सप्ताह से नलों में पानी न आने से उन्हें भारी दिक्कतें हो रही हैं। उन्हाेंने बताया कि नजदीक कोई हैंडपंप न होने के चलते मुश्किल और बढ़ गई है। लोग बंद पड़ी बावड़ियों का गंदा पानी पीने के लिए विवश हैं। उन्होंने कहा कि आईपीएच विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को कई बार समस्याओं से अवगत करवाया गया, लेकिन किसी ने भी सुध नहीं ली। इससे दिन-प्रतिदिन लोगों की समस्याएं बढ़ती ही जा रही है। उन्होंने विभाग के प्रति गहरा रोष जताते हुए जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति को बहाल नहीं किया गया तो खाली मटकों के साथ सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ होशियार सिंह ने कहा कि जल्द ही लोगों की समस्या का हल निकाला जाएगा। तकनीकी खराबी के चलते ऐसी समस्या आई है।
