नियमों का उल्लंघन करने वालों के काटे चालान

कपूरथला (मल्होत्रा): शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले तथा मटरगश्ती करने वाले मोटरसाइकिल सवार मनचले युवकों की रोकथाम हेतु चलाई गई मुहिम के तहत ट्रैफिक पुलिस तथा पी.सी.आर. टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर की गई नाकेबंदी दौरान चालान काटे गए तथा उन्हें कानून का पाठ पढ़ाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज सुखविन्द्र सिंह ने पुलिस पार्टी सहित अमृतसर रोड, माल रोड, नवाब जस्सा सिंह आहलूवालिया सरकारी कालेज रोड, बस स्टैंड आदि क्षेत्रों में नाकेबंदी कर 3-3 की संख्या में मोटरसाइकिल सवार मनचले युवकों की खबर ली।

उन्होंने ऐसे युवकों का पीछा कर उन्हें यातायात की उल्लंघना न करने के लिए समझाया। ट्रैफिक पुलिस टीम द्वारा नवाब जस्सा सिंह आहलूवालिया कालेज रोड पर बिना वजह बार-बार चक्कर लगाने वाले मनचले युवकों के चालान काटे गए तथा उनके कागजातों की छानबीन की गई। टीमों ने कुल 35 के करीब बिना कागजात के वाहन चालकों के चालान काटे।

इसी तरह पी.सी.आर. टीमों ने डी.सी. चौक, सैनिक स्कूल चौक, सर्कुलर रोड, चारबत्ती चौक, चुंगी फत्तूढींगा आदि क्षेत्रों में नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी ली। इंचार्ज सुखविन्द्र सिंह ने बताया कि चलाया गया यह अभियान लगातार एक सप्ताह तक तेजी से जारी रहेगा। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होने बताया कि स्कूल, कालेज रोड पर स्कूल लगने तथा छुट्टी के समय विशेष नाके लगाए जाएंगे। इसके लिए सादे कपड़ों में कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।

Related posts