
कपूरथला (गुरविन्द्र कौर/मल्होत्रा): पंजाब सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2013-14 दौरान माई भागो विद्या स्कीम तहत सरकारी स्कूलों की 11वीं से 12वीं कक्षा की 4751 छात्राओं को साइकिल दिए जाएंगे, जिस संबंधी सामाजिक सुरक्षा विभाग पंजाब की ओर से सभी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
यह जानकारी देते हुए डी.सी. मांगट ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से गरीब वर्ग की होशियार छात्राओं को अच्छी पढ़ाई मुहैया करवाने के लिए डा. हरगोबिन्द खुराना स्कीम लागू की गई है, जिसके तहत पढ़ाई के लिए विद्याॢथयों को 30,000 रुपए आॢथक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार की ओर से गरीब विद्याॢथयों को प्री-मैट्रिक तथा पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप भी दी जा रही है ताकि वे समाज में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश में लड़कियों को पढ़ाई में उत्साहित करने के मकसद से साल 2011-12 से माई भागो विद्या स्कीम लागू की गई थी। इसके तहत साल 2011-12 दौरान पंजाब में सरकारी स्कूलों की 11वीं तथा 12वीं कक्षाओं में पढ़ रही कुल 1,11,049 छात्राओं को मुफ्त साइकिल वितरित किए गए थे। इसके तहत उस साल कपूरथला जिले में 1 करोड़ 9 लाख 7 हजार 450 रुपए की लागत से 4043 छात्राओं को साइकिल मुहैया करवाए गए थे।
उन्होंने बताया कि सारे जिलों में साइकिलों के वितरण के लिए शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में 11वीं तथा 12वीं कक्षा में पढ़ती लड़कियों की लिस्टें सामाजिक सुरक्षा विभाग को सौंप दी है तथा जिला वार सभी लड़कियों को अगले दो महीने दौरान मुफ्त साइकिल बांट दिए जाएंगे। कपूरथला जिले में 11वीं की 2778 छात्राओं को साइकिल दिए जाएंगे जबकि 12वीं कक्षा में पढ़ रही लड़कियों की संख्या 1973 है।
