बिना काम के कर दी पेमेंट

हमीरपुर। शिक्षा विभाग में नित नए कारनामे सामने आते रहते हैं। अब जिले के एक सरकारी स्कूल में गड़बड़झाला सामने आया है। स्कूल में काम हुआ नहीं है, लेकिन काम के बिल वाउचर बनकर पास हो गए हैं तथा राशि का भुगतान भी हो चुका है। कहें तो कागजों में काम पूरा है, लेकिन धरातल पर नहीं। हालांकि विभाग अभी कार्य पूरा करवाने के लिए समय दे रहा है, लेकिन गड़बड़ी की बात को भी मान रहा है।
जिला के एक प्राथमिक स्कूल को मरम्मत कार्य के लिए 55 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। स्कूल प्रबंधन ने बिल वाउचर तैयार कर समस्त राशि खर्च दिखा दी लेकिन धरातल पर बिल वाउचर के अनुसार सारा काम हुआ ही नहीं है, काफी काम अधूरा पड़ा है। दरवाजे, खिड़कियां, ग्रिल का कार्य पूरा नहीं हुआ, साथ ही कुछ अन्य गड़बड़ियां भी पाई गई हैं। कागजों में कार्य को पूरा दर्शाया गया है। पिछले माह समीक्षा बैठक के दौरान मामला उछला था, उपायुक्त ने बैठक की अध्यक्षता की थी। उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को वस्तुस्थिति जानने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को सर्वशिक्षा अभियान के जिला परियोजना अधिकारी ने स्कूल परिसर में जाकर जानकारी जुटाई।

Related posts