जल्द जारी हो मुख्य अध्यापकों की पदोन्नति सूची

कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर में पदोन्नत प्राध्यापक संघ जिला कुल्लू की बैठक जिला प्रधान पूर्ण चंद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्मला ठाकुर को संगठन सचिव बनाया गया। प्रेस सचिव का कार्यभार प्रेम सिंह को सौंपा गया। इसके अलावा राम लाल शर्मा को सचिव मुख्यालय को स्थानांतरित पदाधिकारियों के स्थान पर नामांकित किया गया। इसके अलावा बैैठक में संघ की मांगों पर भी विचार विमर्श किया गया और सरकार से जल्द मांगों को पूरा करने गुहार लगाई गई। संघ के जिला प्रधान पूर्ण चंद्र शर्मा और महासचिव मनोज कुमार ने बताया कि संघ की पहली मांग मुख्य अध्यापकों की पदोन्नति सूची शीघ्र जारी की जाए। इसके अलावा प्राध्यापकों को वरिष्ठता सूची 31 दिसंबर 2012 के आधार पर जारी करने की मांग की है। वहीं 4-9-14 के वेतन निर्धारण को जिला स्तर पर निपटाना, स्थायीकरण के मामलोें का शीघ्र निपटारा करना, अवकाश सारणी छात्र हित में हो, उच्च पाठशालाओं में कम होती संख्या को देखकर सभी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में मुख्य अध्यापकों का पद यथावत रखना या पदोन्नत प्राध्यापकों को प्रधानाचार्य की पदोन्नति में 50 फीसदी कोटा देने, प्रवक्ताओं को पीजीटी का पदनाम देने, एमफिल तथा पीएचडी डिग्री धारकों को अतिरिक्त वेतन वृद्धि, बोर्ड की ड्यूटी में तैनात प्राध्यापकों का मानदेय बढ़ाना, कालेज के लिए निर्धारित योग्यता रखने वालों को कालेज कैडर में पदोन्नति कोटा देने की भी मांग की है। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान पैना राम, महासचिव मनोज कुमार उपप्रधान हीरा लाल, प्रेम प्रकाश, वित्त सचिव वीरेंद्र कतना, मुख्य संरक्षक गजेंद्र सिंह, प्रेस सचिव इंद्र सिंह, मुख्य सलाहकार चमन प्रकाश, संयुक्त सचिव प्रेम लाल, सहसचिव श्याम लाल, मुख्य लेखाकार सुरेंद्र पठानिया, लेखाकार राजन भारद्वाज, संगठन सचिव मनोहर लाल, कानूनी सलाहकार सुरिंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related posts