कुल्लू में सॉलिड बनो इंडिया कार्यक्रम का आगाज

कुल्लू। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला के स्कूलों में सॉलिड बनो इंडिया कार्यक्रम शुरू हो गया है। देवभूमि कुल्लू के स्कूलों में अध्ययनरत नौनिहालों को आयरन की गोलियां खिलाई जा रही है। मजबूत शरीर, स्वस्थ मन और बच्चों के बौद्धिक विकास के मकसद से यह दवा दी जा रही है। हफ्ते में एक बार दी जाने वाली इन गोलियों को जिला के सभी स्कूलों में बांटा जाएगा। इसी के तहत राजकीय उच्च पाठशाला बनाला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल के मुख्य अध्यापक पूर्ण चंद ने बच्चों को गोलियां देकर इसके महत्व के बारे में बताया। वहीं, प्राइमरी स्कूल फनौटी, बालू, बनाला, कोलथा, करशाला और देहुरी में इस कार्यक्रम का आयोजन कर आयरन को गोलिया बांटी गई। फनौटी स्कूल के मुख्य अध्यापक मेहर चंद मेहता, बालू स्कूल के मुख्य अध्यापक राम लाल ठाकुर ने नौनिहालों को आयरन गोलियों के बारे में जानकारी दी और आयरन की खुराक के सेवन संबंधी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत शरीर होने के बाद ही मानसिक विकास हो पाएगा। इसके अलावा जिला के बंजार, सैंज, ढालपुर, मनाली, निरमंड और आनी क्षेत्र के स्कूलों में भी सॉलिड बनो इंडिया कार्यक्रम का आयोजन कर बच्चों को आयरन गोलियां का वितरण किया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला भर के स्कूलों में आयरन की गोलियां बांटी जा रही हैं।

Related posts