ठठल के प्रधान से फिरौती मांगने वाला दबोचा

मैड़ी (ऊना)। ठठल के पंचायत प्रधान को जान से मारने एवं फिरौती मांगने के आरोपी को अंब पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी को पुलिस ने बड़सर से पकड़ने में सफलता हासिल की है। उसे मंगलवार को अंब अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आठ सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। गौरतलब है कि उपमंडल अंब के तहत ठठल पंचायत के प्रधान एवं राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीताराम ने अंब थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्हें कोई अज्ञात व्यक्ति फोन पर धमकी दे रहा है कि वह बीस लाख रुपये दे, अन्यथा वह उनके परिवार को जान से मार देगा। वह यह भी कहता था कि उनका एक गिरोह है। ठाकुर सीताराम की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई थी और अब उन्हें आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल हो गई है। उधर, इस संबंध में बात करने पर अंब के डीएसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसका आठ सितंबर तक पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी से फिरौती मांगने के पीछे का मकसद सहित अन्य पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

Related posts