
कुल्लू। डीसी राकेश कंवर ने बताया कि लाडा के तहत मनाली उपमंडल की एलाइन-दुहांगन विद्युत परियोजना की ओर प्रभावित पांच पंचायतों के विकास कार्यों पर 13 करोड़ 83 लाख रुपये खर्च होंगे। डीसी ने बचत भवन में लाडा के तहत आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एडी परियोजना ने विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 99 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से 2 करोड़ 44 लाख रुपये संबंधित पंचायतों में सड़क, पेयजल और अन्य विकास कार्यों के लिए वितरित किए गए हैं। परियोजना द्वारा जारी की गई धनराशि में से पचास फीसदी राशि प्रभावित पंचायतों में, 15 फीसदी राशि खंड स्तर, जोन स्तर तथा जिला स्तर पर की जाती हैं।
उन्होंने कहा कि एडी परियोजना से मनाली उपमंडल की पंचायतें प्रभावित हुई हैं। इसमें प्रीणी, जगतसुख, वशिष्ठ पंचायतें तथा जोन क्षेत्र शनाग तथा गोजरा पंचायतें शामिल हैं। उपायुक्त ने परियोजना के अधिकारियों से प्रीणी-हामटा मार्ग को आम जनता के इस्तेमाल के लिए खोलने का आग्रह भी किया। परियोजना के दौरान नष्ट जलस्रोतों को दुरुस्त करवाया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, विधायक गोविंद ठाकुर, एडीएम विनय सिंह, मनाली के एसडीएम विनय धीमान, आईपीएच के अधिशाषी अभियंता उपेंद्र वैद्य और प्रभावित पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
चार दिन बाधित रहेगी बिजली
कुल्लू। लाइनों की आवश्यक रिपेयर के चलते मणिकर्ण घाटी में डुखरा से उच्चधार तक पांच, छह, सात और आठ सितंबर को सुबह दस से शाम पांच बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत उपमंडल जरी के सहायक अभियंता शांतिलाल ने इस दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
