
अमृतसर: हिंदू संघर्ष सेना की मीटिंग पार्टी कार्यालय लोहगढ़ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार पोपा के दिशा-निर्देशानुसार जिला प्रधान मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई। मुकेश शर्मा ने कहा कि कल पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह की हत्या के कथित आरोपी आतंकवादी दिलावर सिंह की बरसी के दौरान बब्बर खालसा इंटरनैशनल के प्रमुख वधावा सिंह खालसा और रेशम सिंह को अकाल तख्त साहिब के ग्रंथी तथा हरिमंदिर साहिब के हैड ग्रंथी द्वारा सम्मानित किया जाना निंदनीय घटना है।
उन्होंने कहा कि सरेआम पंजाब में आतंकवाद को शह दी जा रही है। हरिमंदिर साहिब जैसे पवित्र स्थान में आतंकियों को सम्मानित करना इस बात को साबित करता है कि हिंदू अब हरिमंदिर साहिब में भी सुरक्षित नहीं हैं। आतंकवाद समर्थक सिमरनजीत सिंह मान द्वारा अपने साथियों सहित हरिमंदिर साहिब में खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाना, भिंडरांवाला के नाम की गोलक की दिशा को श्रद्धालुओं की तरफ करना देशद्रोह है।
उन्होंने कहा कि सिरमनजीत सिंह मान पर देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए और उनके अमृतसर आगमन पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई जानी चाहिए।
