धारटीधार में काला कच्छा गिरोह की अफवाहें बरकरार

नाहन (सिरमौर)। धारटीधार क्षेत्र में काला कच्छा गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहें बरकरार है। इसको लेकर ग्रामीण अपने स्तर पर गांव में रात्रि को पहरा दे रहे हैं। वह हर आने जाने वाले अजनबी पर अपनी पैनी निगाह रखे हुए हैं। हालांकि वीरवार को मेहत गांव में हुई घटना के बाद पुलिस को अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा लेकिन पुलिस का मानना है कि धारटीधार क्षेत्र में इस तरह का गिरोह कोई सक्रिय नहीं है। लोग अफवाहों के कारण दहशत में है।
माजरा पुलिस चौंकी प्रभारी हरमेश कुमार ने बताया कि वीरवार को मेहत में घटी घटना की जांच चल रही है लेकिन अभी तक ऐसे किसी भी व्यक्ति का पता नहीं चल पाया जिसका हुलिया महिला बता रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अफवाहों के झांसे में आकर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जबकि महिला के माथे पर लगी चोट की भी जांच चल रही है।
एएसआई हरमेश ने बताया कि पूरे धारटीधार क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। पहरा दिया जा रहा है। पुलिस एवं ग्रामीण दोनों मिलकर हमलावर को ढूंढने के प्रयास में दिन रात जुटे हुए हैं। उधर रेणुका पुलिस ने भी लोगों को अफवाह न फैलाने की अपील की है।

Related posts