औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने को जमीन की तलाश

मंडी। जिला मंडी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए उद्योग विभाग जमीन की तलाश कर रहा है। बल्ह घाटी के लूणापानी के पास नए उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन तलाशी जा रही है। नेरचौक क्षेत्र के रती के पास इंडस्ट्रियल एरिया के लिए चयनित भूमि फ्लड जोन में होने के कारण इसे विभाग ने रद्द कर दिया है। अब विभाग दूसरी जगह पर जमीन देख रहा है।
प्रदेश के सोलन, सिरमौर की तरह जिला मंडी में अभी तक औद्योगिक क्षेत्र विकसित नहीं हो पाया है। प्रदेश का दूसरा सबसे बड़े जिला मंडी में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए उद्योग विभाग ने रती के पास जमीन चयनित की थी। यह जमीन सुकेती खड्ड के किनारे फ्लड जोन में होने के कारण इसे रद्द किया गया। अब विभाग लूणापानी के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए करीब 50 बीघा जमीन तलाश रहा है। अगर इस क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयां लगाने के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध होती है तो यह क्षेत्र ऑटोमोबाइल हब के साथ इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में विकसित होगा। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिला मंडी में अभी तक कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हो पाया है। नगवाईं में कई साल पहले वाइन फैक्टरी स्थापित करने के प्रयास किए गए थे। यह प्रयास भी सिरे नहीं चढ़ पाया।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक टीसी नेगी ने कहा कि रती के पास औद्योगिक क्षेत्र के लिए चयनित जमीन फ्लड जोन में होने के कारण इसे रद्द कर दिया है। अब लूणापानी और नेरचौके क्षेत्र के आसपास जमीन देखी जा रही है।

Related posts