
रिवालसर (मंडी)। बरसात में भी लोगाें को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य उपमंडल के तहत हवाणी गांव के बाशिंदे एक माह से पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन विभाग लोगाें की समस्या का अभी तक समाधान नहीं कर पाया है। अप्पर हवाणी, लोअर हवाणी सहित बरठवाला गांव के बाशिंदे भी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में स्थापित उठाऊ पेयजल योजना के पंप में खराबी आ जाने से ग्रामीणों को सप्लाई नहीं मिल रही है। विभाग एक माह बाद भी न तो इस समस्या का निदान कर सका है और न ही पंप में आई खराबी दूर की जा सकी है। इस पर लोगाें ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। हवाणी निवासी प्रकाश चंद, हेमराज, अमर सिंह, भीम चंद, प्रकाश एवं रोशन लाल आदि का कहना है कि पिछले एक माह से पेयजल की सप्लाई बंद है। आलम यह है कि लोगाें को प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। सुबह-शाम लोगाें के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो जाती है। विभागीय अधिकारियाें को समस्या से कई बार अवगत करवाया गया है, लेकिन विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने समस्या को जल्द दूर करने की मांग की है। इस बारे में विभागीय सहायक अभियंता चमन लाल सैणी का कहना है कि योजना के पंप में खराबी आ जाने की वजह से आपूर्ति बाधित हुई है। मंगलवार तक पंप ठीक कर सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
