
संतोषगढ़ (ऊना)। नगर के वार्ड नंबर तीन की पार्षद तृप्ता देवी के घर रविवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तथा ऊना के विधायक सतपाल सत्ती की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। नगर पंचायत के प्रधान, उपप्रधान, सभी भाजपा पार्षदों सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। सत्ती ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों तथा अरबों के घोटालों की वजह से देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से हिल चुकी है। महंगाई ने देश की जनता की कमर तोड़ दी है। देश में बदहाली के आलम में केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी जले पर नमक छिड़कने जैसा है।
वह दिन दूर नहीं जब लोगों को पेट्रोल और डीजल 100 से 150 रुपये लीटर तक मिलेगा। प्रदेश सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही राशन के डिपो से राशन गायब हो गया है। भाजपा सरकार लोगों को हमेशा से सस्ता राशन मुहैया करवाती रही है, लेकिन अब लोगों को राशन मिलना तो दूर चीनी भी गायब हो गई है। डिपुओं में सड़े हुए कीड़े लगे चने वितरित किए जा रहे हैं जो सरकार की गुणवत्ता के प्रति अनदेखी को जगजाहिर करते हैं। इस अवसर पर प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष रमेश भड़ोलियां, जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा, सागर दत्त भारद्वाज, राजन सहोड़, स्वराज टिकड़ा, भूपिंद्र बीनेवाल मौजूद रहे।
