गद्दा उद्योग में आग, लाखों का नुकसान

गगरेट (ऊना)। यहां के गद्दा उद्योग में सुबह करीब दस बजे आग भड़क उठी। गगरेट स्थित गद्दा उद्योग मैसर्ज केदार नाथ एंड संज में रविवार सुबह अग्निकांड हुआ। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से निकलते धुएं आसमान काला हो गया। आग के कारण लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों एवं अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाकर उद्योग को पूरी तरह जलने से बचा लिया। अंब स्थित अग्निशमन विभाग की एक फायर ब्रिगेड गाड़ी तथा होशियारपुर से एक अग्निशमन वाहन तथा जिला मुख्यालय ऊना से आई टीम ने आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नही चल पाया है।
बस स्टैंड के निकट होशियारपुर रोड पर उद्योग स्थापित है। सुबह करीब दस बजे स्थानीय लोगों ने उद्योग की चौथी मंजिल से धुआं उठता देखा। रविवार होने के कारण उद्योग बंद था। स्थानीय लोगाें ने उद्योग के ताले तोड़कर पहली तीन मंजिलों में पड़ा समान बाहर निकालना शुरू कर दिया। गगरेट पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड के वाहन आने पर आग पर काबू पाया गया। उद्योग के मालिक दिनेश कुमार ने बताया कि अभी नुकसान का आकलन लगाया जा रहा हैं। उधर, थाना प्रभारी विश्वास वालिया ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया। कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसडीएम अंब सुखदेव सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया। उधर, अंब के डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।

Related posts